रतलाम: बांगरोद के जंगलों में मिला ऑस्ट्रेलियाई युवक, ‘राधे-राधे’ का कर रहा जाप

Saroj Kanwar
3 Min Read

​रतलाम,14 अप्रैल(इ खबर टुडे)। जिले के नामली थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार रात उस समय सनसनी फैल गई, जब बांगरोद और जड़वासा के बीच स्थित जंगल में एक विदेशी युवक लावारिस हालत में मिला। घने अंधेरे में पेड़ के नीचे अकेले बैठे इस युवक को देख ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। युवक खुद को ऑस्ट्रेलिया का निवासी बता रहा है और लगातार ‘राधे-राधे’ का जाप कर रहा है।

प्राप्त ​जानकारी के अनुसार, सोमवार रात करीब 11 बजे ग्रामीणों ने बांगरोद रेलवे स्टेशन से लगभग आधा किलोमीटर दूर जंगल की ओर एक विदेशी युवक को पेड़ के नीचे बैठा देखा। सुनसान इलाके में विदेशी को देख मौके पर भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही बांगरोद पुलिस चौकी प्रभारी प्रदीप शर्मा दल-बल के साथ मौके पर पहुँचे और युवक को सुरक्षित नामली थाने लेकर आए।

​पास मिला वीजा, पर नाम बताने में असमर्थ

​पुलिस सूत्रों के मुताबिक, युवक की उम्र करीब 42 वर्ष है। शुरुआती पूछताछ में उसने खुद को ऑस्ट्रेलिया का निवासी बताया है। पुलिस को उसके पास से वीजा बरामद हुआ है, जिससे उसके विदेशी होने की पुष्टि तो हो गई है, लेकिन वह अपना नाम स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहा है।

​अजीब व्यवहार: ट्रॉली बैग को लेकर सतर्क

​थाने लाए जाने के बाद युवक का व्यवहार काफी चर्चा में है। वह अपने साथ रखे ट्रॉली बैग को लेकर अत्यधिक संवेदनशील है और किसी भी पुलिसकर्मी या अन्य व्यक्ति को उसे छूने नहीं दे रहा है। वह बार-बार ‘राधे-राधे’ बोल रहा है, जिससे उसके किसी धार्मिक यात्रा पर होने या मानसिक तनाव में होने की संभावना जताई जा रही है।

​कैसे पहुँचा जंगल? गहराया रहस्य

​युवक इस सुनसान इलाके तक कैसे पहुँचा, इसे लेकर दो तरह की संभावनाएँ जताई जा रही हैं। चूंकि घटना स्थल बांगरोद स्टेशन के पास है, माना जा रहा है कि वह किसी ट्रेन से उतरा होगा। स्थानीय चर्चाओं के अनुसार, युवक किसी ऑटो से यहाँ पहुँचा था और चालक उसे बीच रास्ते में ही उतार कर चला गया।

इनका कहना है-

विदेशी युवक मानसिक रूप से विक्षिप्त लग रहा था। ​”युवक को सुरक्षित थाने लाया गया। उसके पास वीजा मिला है, जिससे विदेशी नागरिक होने की पुष्टि हुई है। वह फिलहाल अपना नाम स्पष्ट नहीं कर पा रहा है। युवक के पास दिल्ली का टिकट मिला है। मामले की जाँच के बाद युवक को रेल्वे स्टेशन छोड़ दिया है।

TAGGED:
Share This Article
Leave a comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *