Astrology-prediction-for-world-cup-final- क्या कहते हैं रोहित शर्मा के ग्रह-नक्षत्र, ऐसी है ज्योतिषाचार्य की भविष्यवाणी

ऑस्ट्रेलिया के साथ आज वर्ल्ड कप फाइनल मुकाबले को लेकर देश भर में उत्साह का माहौल है। रोहित शर्मा और विराट कोहली बेहतरीन फॉर्म में हैं। ज्योतिषाचार्य अरुण बताते हैं कि रोहित शर्मा का जन्म 29 अप्रैल 1987 को दोपहर 12:00 बजे नागपुर में हुआ था। उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा की जन्म कुंडली में 27 अप्रैल 2009 से दिनांक 27 अप्रैल 2027 तक राहु की महादशा है।
राहु की महादशा में सूर्य की अंतर्दशा
दिनांक 15 नवंबर 2023 से 9 अक्टूबर 2024 तक राहु की महादशा में सूर्य की अंतर्दशा चलेगी। इसके साथ ही रोहित के जन्मांग चक्र में राहु, शनि तथा बृहस्पति संयुक्त रूप में नवम भाव में विराजमान हैं। ये किसी भी शुभ अथवा अशुभ ग्रहों द्वारा दृष्य नहीं हैं। अतः मौजूदा समय रोहित शर्मा के लिए लोकप्रियता के दृष्टिकोण से उतना उत्तम नहीं होगा। फिर भी 19 नवंबर का दिन रोहित शर्मा के जीवन के लिए बहुत ही उपयोगी तथा अनुकूल होगा।
विराट के पांव छुएगी सफलता
ज्योतिषाचार्य अरुण मिश्र बताते हैं कि विराट कोहली का जन्म 5 नवंबर 1988 की सुबह 10:28 बजे नई दिल्ली में हुआ था। 13 मार्च 2010 से 13 मार्च 2028 तक राहु की महादशा है तथा दिनांक 01 अक्टूबर 2021 से 01 अक्टूबर 2024 तक राहु की महादशा में शुक्र की अंतर्दशा है।
विराट कोहली की जन्म-कुंडली में शुक्र छठवें अर्थात शत्रु-स्थान तथा एकादश अर्थात लाभ स्थान के स्वामी होकर कर्म-भाव में यानी सम्मान-भाव में बुध की राशि (कन्या राशि) पर विराजमान हैं तथा शनि की दशम दृष्टि, मंगल की सातवीं दृष्टि तथा बृहस्पति की पांचवी दृष्टि से देखे जा रहे हैं। 19 नवंबर का दिन विराट कोहली के लिए काफी सम्मान सूचक होगा। साथ ही वे देश के युवाओं के लिए चहेता बनकर रहेंगे।