Faisal Naseer:- कौन है ISI का वो अफसर जिस पर पाक के पूर्व PM इमरान खान ने कत्ल की सजिश रचने का आरोप लगाया है , जाने

भ्रष्टाचार के मामले में गिरफ्तार हुए पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान का वीडियो वायरल हो रहा है जिसे उन्होंने गिरफ्तारी से पहले अपने ट्विटर अकाउंट पर पोस्ट किया था। वीडियो में इमरान ने फैसल नसीर नाम के इंसान का जिक्र करते हुए उसे ‘ब्रिगेडियर’ और ‘डर्टी हैरी’ बताया है। इमरान ने कहा- उस शख्स ने कई बार उनकी हत्या करने की कोशिश की है।
ISI में दूसरा सबसे बड़ा पद:
पाकिस्तानी सेना में 1992 में फैसल नसीर की भर्ती हुई थी। पाकिस्तान में फैसल की पहचान एक जासूस के तौर पर भी होती है। पिछले साल अक्टूबर में उन्हें ब्रिगेडियर रैंक से मेजरल जनरल की रैंक पर प्रमोट किया गया था। यह पद पाने के बाद नसीर को खुफिया एजेंसी ISI में डायरेक्टर जनरल काउंटर इंटेलिजेंस का पद दिया गया जो ISI प्रमुख के बाद सबसे बड़ा पद होता है।
प्रसिद्ध पाकिस्तानी लेखक के बेटे:
नसीर के पिता शम्मा खालिद पाकिस्तान के प्रसिद्ध लेखक रहे हैं। लम्बे समय तक उन्होंने पाकिस्तान रेडियो में उप-नियंत्रक के तौर पर काम किया है। उन्हें पाकिस्तानी राष्ट्रपति की ओर से सितारा-ए-इम्तियाज और नसीर को हिलाल-ए-शुजात पुरस्कार से नवाजा जा चुका है।
कई सीक्रेट ऑपरेशन को अंजाम दिया:
1992 में पाकिस्तान सेना में भर्ती होने के बाद नसीर की तैनाती कोर ऑफ मिलिट्री इंटेलिजेंस में हुई। उन्होंने बलूचिस्तान और खैबर पख्तूनख्वा में सेना से जुड़े कई ऑपरेशन को अंजाम दिया। सेना में रहकर नसीर ने कई खुफिया ऑपरेशन भी चलाए।
कब पहली बार नाम चर्चा में आया:
पहली बार फैसल नसीर के नाम की चर्चा अगस्त 2022 में हुई जब इमरान खान के करीबी शहबाज गिल को इस्लामाबाद में गिरफ्तार किया गया। पहली बार इमरान ने इस घटना का जिक्र करते हुए ही उन्हें डर्टी हैरी कहकर सम्बोधित किया था।