Cyclone Mocha:- भीषण चक्रवात में बदला ‘मोका’ ; बांग्लादेश-म्यांमार तट की ओर बढ़ा

चक्रवात 'मोका' तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह भीषण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो गया है। इस दौरान 135 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवा चल सकती है। यह बांग्लादेश-म्यांमार तट की ओर बढ़ रहा है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक सुबह 5:30 बजे चक्रवाती तूफान बंगाल की खाड़ी के दक्षिण-पूर्व में पोर्ट ब्लेयर से लगभग 520 किलोमीटर पश्चिम में और कॉक्स बाजार के 1,100 किमी दक्षिण-दक्षिण पश्चिम में था।
175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी
चक्रवात मोका कॉक्स बाजार और म्यांमार में बंदरगाह शहर सित्त्वे के करीब क्यौकप्यू के बीच रविवार को समुद्र तट से टकराएगा। इस वजह से 175 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलेगी। मछुआरों, जहाजों, नावों और ट्रॉलरों को मध्य और पूर्वोत्तर बंगाल की खाड़ी और उत्तरी अंडमान सागर में नहीं जाने की सलाह दी गई है।
भारत में बारिश के आसार
चक्रवाती तूफान के कारण त्रिपुरा और मिजोरम में शनिवार से भारी वर्षा होने की संभावना है। नगालैंड, मणिपुर और दक्षिण असम में रविवार को कई जगहों पर बारिश होने की संभावना है।
alsoreadNarendra Modi to visit US - मोदी अगले महीने जाएंगे अमेरिका, मोदी के लिए डिनर होस्ट करेंगे बाइडेन
मोका का रूट क्या होगा?
चक्रवात भारत के दक्षिण तटीय क्षेत्रों, ओडिशा और दक्षिण-पूर्व गंगीय पश्चिम बंगाल से होकर गुजरेगा। यह बंगाल की खाड़ी से उठकर उत्तर-पूर्वोत्तर बांग्लादेश-म्यांमार तट की आरे मुड़ गया है।
कैसे पड़ा 'मोका' नाम?
इस तूफान को 'मोका' नाम मिडिल ईस्ट एशिया के एक देश यमन ने दिया है। 'मोका' यमन का एक शहर है, जिसे मोखा भी कहते हैं। ये शहर अपने कॉफी व्यापार के लिए जाना जाता है। इसी के नाम पर 'मोका कॉफी' का भी नाम पड़ा।